Home चर्चा में निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता और समयसीमा का कड़ाई से...

निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता और समयसीमा का कड़ाई से पालन करें – कलेक्टर विश्वदीप

8
0
बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने जिले में संचालित विभिन्न निर्माण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जल संसाधन विभाग, सीजीएमएससी, हाउसिंग बोर्ड सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों के कार्यपालन अभियंता, एसडीओ एवं ठेकेदार उपस्थित रहे। बैठक में सड़क, पुल-पुलिया, शासकीय भवन, कर्मचारी आवास, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, आंगनबाड़ी भवन, शौचालय, सिंचाई तालाब, तालाब जीर्णोद्धार, नहर, नाली, व्यपवर्तन (डायवर्सन), एनीकट सहित विभिन्न अधोसंरचना निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने प्रत्येक निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रारंभ एवं पूर्ण होने की समय-सीमा, लंबित कार्यों के कारण तथा बाधाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित अवधि के बाद भी पूर्ण नहीं हुए कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों से स्पष्ट कारण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण एजेंसियां कार्यों में आवश्यक संसाधन बढ़ाते हुए तेजी लाएं, नियमित मॉनिटरिंग करें तथा आमजन की सुविधा से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय पर पूर्ण करें। साथ ही कार्यस्थलों पर तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here