संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिला जांजगीर-चांपा सिवनी (चांपा), 19 जुलाई। प्रगतिशील जायसवाल (कन्नौजिया कलार) समाज द्वारा आयोजित मिनी महासभा-2026 का आयोजन रविवार को सिवनी (चांपा) में उत्साह, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता के वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह 11 बजे भगवान सहस्त्रबाहु के तिलक, दीप प्रज्वलन एवं आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जो शाम 5 बजे तक विभिन्न सत्रों के साथ चलता रहा। इस दौरान जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के वरिष्ठजन, महिला प्रतिनिधि, युवा, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता निभाई।

मिनी महासभा का मुख्य उद्देश्य समाज में संगठनात्मक एकता को और अधिक मजबूत बनाना, शिक्षा एवं रोजगार के प्रति युवाओं को प्रेरित करना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श करना था। कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों, समाजसेवियों और युवाओं के प्रोत्साहन के साथ-साथ समाज की भावी गतिविधियों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
मिनी महासभा में प्रगतिशील जायसवाल कन्नौजिया कलार समाज के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। चर्चा के दौरान उपस्थित सदस्यों ने समाज के प्रचलित नियमों एवं अनुशासन को बनाए रखने पर बल दिया। इस संदर्भ में यह सहमति बनी कि यदि कोई युवक या युवती माता-पिता एवं समाज की जानकारी के बिना अंतर्जातीय विवाह करता है, तो समाज के निर्धारित नियमों के अनुरूप आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित परिवारों को नोटिस जारी करने तथा समाज की परंपराओं एवं नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर भी विचार किया गया।

संगठन को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाने की दिशा में भी महासभा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समाज के स्नेह मिलन एवं अन्य आयोजनों में हुए व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। साथ ही बिलासपुर में निर्माणाधीन सामाजिक भवन के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा की गई, जिसका उपस्थित समाजबंधुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
वक्ताओं ने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को उच्च शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने और युवाओं को संगठन से सक्रिय रूप से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
महासभा के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की भागीदारी और सामाजिक सहयोग की भावना को बढ़ाने के लिए अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा, अनुशासन, संगठन और आपसी सहयोग से ही संभव है तथा प्रत्येक सदस्य को समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि मिनी महासभा-2026 समाज के लिए एक प्रभावी मंच सिद्ध होगी, जिससे आपसी संवाद, सहयोग, संगठन विस्तार और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी। समाज की एकता, अनुशासन, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ महासभा का समापन हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित समाजबंधुओं ने भविष्य में भी इसी प्रकार संगठित होकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।







