Home चर्चा में आरंग विकासखंड में मिशन उत्कर्ष के तहत शालाओं का सघन निरीक्षण जारी,...

आरंग विकासखंड में मिशन उत्कर्ष के तहत शालाओं का सघन निरीक्षण जारी, जिला शिक्षा अधिकारी ने गुणवत्ता सुधार के दिए निर्देश

16
0
आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग।
जिला कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन और मिशन उत्कर्ष के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत आरंग विकासखंड के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा अधिकारियों का सतत निरीक्षण अभियान पूरी गति से चल रहा है। इसी सिलसिले में जिला शिक्षा अधिकारी सतीश नायर तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने विभिन्न प्राथमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान खदान पारा तथा नवीन प्राथमिक शाला बहनाकाड़ी में अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं के अध्ययन स्तर का गहन परीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की कॉपियों की नियमित जांच, गृहकार्य की स्थिति, पहाड़े पठन दक्षता, सामान्य ज्ञान, इमला लेखन और अंक व अक्षर पहचान में हुई प्रगति को परखा। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की लेखन क्षमता में निखार लाने, स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के साथ-साथ साप्ताहिक व मासिक टेस्ट नियमित रूप से आयोजित करने के कड़े निर्देश दिए।
इसके पश्चात अधिकारियों ने शासकीय अनंतराम बर्छीहा हायर सेकेंडरी स्कूल चंदखुरी, हायर सेकेंडरी स्कूल खौली तथा हाई स्कूल अमेरी का रुख किया। यहाँ उन्होंने शिक्षण अधिगम सामग्री (TLM) तथा प्रयोगशालाओं के व्यावहारिक उपयोग, उनके समुचित रख-रखाव, निर्धारित समय-सारणी के सख्त अनुपालन और शिक्षकों की समय पर उपस्थिति का जायजा लिया। साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर बढ़ोतरी करने, विद्यार्थियों को गणवेश व पाठ्यपुस्तकों का वितरण जैसे विभिन्न बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए संबंधित संस्था प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here