Home चर्चा में जिला कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस संचालन का दिया गया...

जिला कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस संचालन का दिया गया प्रशिक्षण कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े की उपस्थिति में नोटशीट प्रस्तुतीकरण, नस्ती संचालन एवं डिजिटल कार्यप्रणाली की दी गई विस्तृत जानकारी

12
0
एमसीबी संवाददाता – हनुमान प्रसाद यादव
ई-ऑफिस के प्रभावी क्रियान्वयन से कार्यालयीन कार्यों में आएगी पारदर्शिता, गति और दक्षता
एमसीबी// शासन की मंशानुरूप कार्यालयीन कार्यप्रणाली को पूर्णतः डिजिटल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला कार्यालय में कार्यरत सहायक ग्रेड-2 एवं सहायक ग्रेड-3 के कर्मचारियों के लिए ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े के निर्देशानुसार किया गया, जिसका उद्देश्य कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली के विभिन्न तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं से अवगत कराना तथा कार्यालयीन कार्यों में डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार सिदार तथा डिप्टी कलेक्टर श्रीमती इंदिरा मिश्रा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली लागू की जा रही है। यह प्रणाली न केवल कार्यालयीन कार्यों को सरल और पारदर्शी बनाएगी, बल्कि फाइलों के त्वरित निस्तारण, समयबद्ध निर्णय प्रक्रिया और अभिलेखों के सुरक्षित संधारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे ई-ऑफिस प्रणाली का नियमित एवं प्रभावी उपयोग करते हुए शासन के समस्त पत्राचार, फाइलों के संचालन तथा अन्य कार्यालयीन कार्यों का निष्पादन डिजिटल माध्यम से करें। उन्होंने कहा कि डिजिटल कार्य संस्कृति अपनाने से अनावश्यक विलंब समाप्त होगा, कार्यों की सतत मॉनिटरिंग संभव होगी तथा प्रशासनिक दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
प्रशिक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार सिदार, ई-प्रबंधक श्री नारायण केवट एवं सहायक अधीक्षक श्री होलसाय सिंह ने ई-ऑफिस प्रणाली की विभिन्न कार्यप्रणालियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों को ई-ऑफिस के माध्यम से नोटशीट तैयार करने एवं प्रस्तुत करने, नस्तियों का संचालन, पत्रावली प्रबंधन, पत्रों के ऑनलाइन प्रेषण, डिजिटल अनुमोदन प्रक्रिया तथा अन्य लिपिकीय कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षकों द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) भी कराया गया, जिसमें फाइल निर्माण, नोटशीट तैयार करने, पत्रों को अग्रेषित करने, डिजिटल हस्ताक्षर, पत्रावली की ट्रैकिंग तथा विभिन्न मॉड्यूल के उपयोग की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया गया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं तकनीकी जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया, जिससे उन्हें प्रणाली के संचालन में आने वाली संभावित कठिनाइयों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकी। अधिकारियों ने बताया कि ई-ऑफिस प्रणाली के पूर्ण क्रियान्वयन से कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही, गति एवं दक्षता सुनिश्चित होगी। साथ ही कागज के उपयोग में कमी आने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। डिजिटल माध्यम से अभिलेखों का सुरक्षित संधारण होने के कारण आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता एवं खोज भी पहले की अपेक्षा अधिक आसान और त्वरित होगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला कार्यालय के सभी संबंधित सहायक ग्रेड-2 एवं सहायक ग्रेड-3 के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण के बाद सभी कर्मचारी ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग करते हुए कार्यालयीन कार्यों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करेंगे, जिससे सुशासन और डिजिटल प्रशासन की दिशा में जिले को और अधिक मजबूती मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here