सरगुजा संवाददाता उमेश कुमार प्रजापति
सरगुजा बतौली स्थित सरकारी शराब दुकान तक पहुंचने वाली सड़क इन दिनों लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क पूरी तरह कीचड़ और जलभराव की चपेट में है। हालात ऐसे हैं कि दुकान तक पैदल पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। कीचड़, फिसलन और दुर्गंध के बीच लोगों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है।
बरसात में शराब दुकान तक पहुंचना हुआ मुश्किल आए दिन गिरकर घायल हो रहे लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी शराब दुकान से प्रतिदिन लाखों रुपये का राजस्व शासन को प्राप्त होता है, लेकिन दुकान तक पहुंचने वाली सड़क की मरम्मत वर्षों से नहीं कराई गई।

सड़क पर कीचड़, जलभराव और फिसलन से बढ़ी परेशानी
सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने के कारण आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
लाखों के राजस्व के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिम्मेदार विभाग भी इस सड़क की जिम्मेदारी लेने से बचते नजर आ रहे हैं, जिससे समस्या लगातार बनी हुई है।
लोगों ने सड़क निर्माण और जल निकासी की मांग, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का तत्काल निर्माण या मरम्मत कराई जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। प्रभावित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।







