सोमन साहू/आरंग। जनपद पंचायत आरंग की सामान्य सभा बैठक में जनपद सदस्य शुभांशु साहू ने क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों तथा उपभोक्ताओं की अनुमति के बिना घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के मुद्दे पर अधिकारियों से जवाब मांगा।
शुभांशु साहू ने कहा कि कई ग्रामीण उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक बिजली बिल प्राप्त हो रहे हैं, जिससे आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं, कई स्थानों पर उपभोक्ताओं की स्पष्ट सहमति एवं जानकारी के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने बैठक में मांग रखी कि बिजली बिलों में हुई बढ़ोतरी की जांच की जाए, गलत बिलों का तत्काल निराकरण किया जाए तथा स्मार्ट मीटर लगाने से पहले उपभोक्ताओं को पूरी जानकारी और उचित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए।
जनपद सदस्य ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़े मामलों में ग्रामीणों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग से पारदर्शिता के साथ कार्रवाई कर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।







