आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग। रायपुर के आर. डी. तिवारी स्कूल, आमापारा में आयोजित जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में आरंग के होनहार छात्र अंकुर देवांगन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
अंकुर देवांगन, पिता नागेंद्र देवांगन, शासकीय शांतिबाई नामदेव अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की कक्षा 8वीं के छात्र हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में अपने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए जिले के प्रतिभागियों के बीच तीसरा स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
अंकुर की इस सफलता पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लाखेश्वर रात्रे, विकासखंड स्रोत समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन, विद्यालय प्रबंधन समिति, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त शालेय परिवार ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए उज्ज्वल भविष्य और उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।
विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि अंकुर आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर आरंग और रायपुर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।







