Home कोरबा कनकेश्वर धाम कनकी में उमड़ा शिव भक्तों का सैलाब, हर-हर महादेव के...

कनकेश्वर धाम कनकी में उमड़ा शिव भक्तों का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र

11
0

कोरबा। सावन माह के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित कनकी ग्राम के प्रसिद्ध कनकेश्वर धाम में सोमवार को शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आधी रात से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था और सुबह होते-होते मंदिर परिसर तथा पहुंच मार्गों पर भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

सर्वमंगला मंदिर से जल लेकर पहुंचे कांवड़िये

सैकड़ों की संख्या में कांवड़िये रात के समय सर्वमंगला मंदिर के समीप हसदेव नदी तट से पवित्र जल भरकर पैदल यात्रा करते हुए कनकेश्वर धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए अपनी आस्था प्रकट की। कनकेश्वर महादेव के मंदिर पहुंचकर भक्तों ने जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि तथा परिवार की खुशहाली की कामना की।

रास्ते भर लगी रही सेवा शिविरों की कतार

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सर्वमंगला मंदिर से लेकर कनकी धाम तक विभिन्न सामाजिक संगठनों, सेवा समितियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा जगह-जगह निःशुल्क चाय, पानी, शरबत और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई। सेवा शिविरों में स्वयंसेवक पूरी श्रद्धा के साथ कांवड़ियों का स्वागत करते रहे। इस सेवा कार्य की श्रद्धालुओं ने भी सराहना की।

कोरबा पुलिस की रही चाक-चौबंद व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। सर्वमंगला मंदिर से लेकर कनकी धाम तक अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार निगरानी करती रही। पुलिस मित्रों का भी सहयोग लिया गया, जिन्होंने श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने के साथ व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।

श्रद्धालुओं के लिए चाय-पानी की व्यवस्था, पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं के लिए चाय और पेयजल की व्यवस्था भी की गई। साथ ही कांवड़ियों से विनम्र अपील की गई कि वे शांति एवं अनुशासन बनाए रखते हुए सड़क के एक किनारे चलें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी आपात अथवा अप्रिय स्थिति में तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें।

भक्ति और सेवा का बना अद्भुत संगम

कनकेश्वर धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सेवा शिविरों में लोगों की निस्वार्थ सेवा और पुलिस की बेहतर व्यवस्थाओं ने पूरे आयोजन को सफल बनाया। सावन के इस पावन अवसर पर कनकी धाम में आस्था, श्रद्धा, सेवा और सुरक्षा का सुंदर संगम देखने को मिला, जहां हजारों शिव भक्तों ने भगवान कनकेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here