Home चर्चा में राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ के 52 खिलाड़ियों का चयन, बिलासपुर...

राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ के 52 खिलाड़ियों का चयन, बिलासपुर के पांच खिलाड़ी भी टीम में शामिल

15
0

संवाददाता – विमल सोनी

बिलासपुर। कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया (KAI) के तत्वावधान में 7 से 9 अगस्त 2026 तक पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के पियो नगर में राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 3,000 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ की 52 सदस्यीय टीम का चयन किया गया है, जिसमें बिलासपुर कराटे अकादमी के पांच होनहार खिलाड़ियों ने भी अपनी जगह बनाई है।

छत्तीसगढ़ टीम में बिलासपुर कराटे अकादमी से बालिका वर्ग में 14 वर्षीय इशिका नेताम, 14 वर्षीय वैष्णवी कौशिक तथा 17 वर्षीय इच्छा नेताम का चयन हुआ है। वहीं बालक वर्ग में 14 वर्षीय सहज वीर सिंह अरोड़ा और 14 वर्षीय आरव जांगड़े राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के लिए पदक जीतने के उद्देश्य से मैदान में उतरेंगे।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह ठाकुर ने उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के 52 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी अनुशासन, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

इस अवसर पर बिलासपुर कराटे अकादमी के कोच ठाकुर कर्ण सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने कठिन प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ की टीम इस बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अधिक से अधिक पदक अपने नाम करेगी।

खिलाड़ियों के सम्मान एवं शुभकामना कार्यक्रम में बिलासपुर कराटे अकादमी की सचिव शिवानी बुधौलिया, सिमरन सिंह अरोड़ा, बबलू केशरवानी, पूनम चंद कौशिक, संदीप मिश्रा, प्रशांत पांडे, दिलीप साहू, संजय दवे, संगीत मोइत्रा, राकेश केशरी सहित अकादमी के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, अभिभावक और खेलप्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here