डुगेश्वर संजू साहू/भवानीपुर (पलारी)। पलारी विकासखंड के ग्राम वटगन से श्रद्धा, आस्था और भक्ति के वातावरण में कांवड़ियों का जत्था बाबा बैजनाथ धाम के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए रवाना हुआ। प्रस्थान के दौरान पूरे गांव में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर राजेश शर्मा, मनोज वर्मा एवं अर्जुन वर्मा ने कांवड़ियों का तिलक लगाकर एवं श्रीफल-नारियल भेंट कर शुभ यात्रा की मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय होने की प्रार्थना की।
रवाना होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कांवड़ियों में बाबा बैजनाथ धाम पहुंचकर पवित्र जल से जलाभिषेक करने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों एवं परिजनों ने कांवड़ यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।
श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र में धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी हुई है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए। हर-हर महादेव और बोल बम के उद्घोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।







