सरगुजा संवाददाता – विकास अग्रवाल
अम्बिकापुर।
भारतीय जनता पार्टी जिला सरगुजा की ओर से 9 से 14 अगस्त तक आयोजित होने वाले ‘तिरंगा यात्रा–हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को लेकर संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, जिम्मेदारियों तथा कार्यक्रमों के सफल संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश भाजपा सरगुजा के सभी 16 मंडल अध्यक्षों को प्रदान किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का महाअभियान है। उन्होंने बताया कि समलाया मंडल के कार्यकर्ता समलाया मंदिर तथा महामाया मंडल के कार्यकर्ता मल्टीपरपज हाई स्कूल ग्राउंड में एकत्रित होंगे। दोनों स्थानों से तिरंगा यात्राएं प्रारंभ होकर महामाया चौक पहुंचेंगी, जहां से संयुक्त तिरंगा शोभायात्रा देवीगंज मार्ग होते हुए स्वामी विवेकानंद चौक तक निकाली जाएगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि तिरंगा यात्रा प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासित एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित करने की अपील की।
जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा संत शिरोमणि गुरु रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समरसता संकल्प अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा और समरसता अभियान दोनों समाज को जोड़ने और राष्ट्रभावना को सशक्त बनाने वाले कार्यक्रम हैं।
बैठक को संतोष दास एवं निश्चल प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। मंच संचालन अरुणा सिंह ने किया तथा चंद्रिका यादव ने आभार व्यक्त किया।
बैठक में निरूपा सिंह, हरमिन्दर सिंह टिन्नी, अम्बिकेश केशरी, रज्जू राम, वैभव सिंह देव, निश्चल प्रताप सिंह, रूपेश दुबे, निलेश सिंह, बिंदेश्वरी पैकरा, अनिल निराला, शुभांगी बिहाड़े, निशांत सिंह सोलू, प्रेमानंद तिग्गा, कमलेश तिवारी, मनोज कंसारी, अखंड विधायक सिंह, प्रबोध सिंह, राधेश्याम ठाकुर, रविकान्त उराँव, अनिल तिवारी, अजय सोनी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







