फतेहगढ़ साहिब में दर्दनाक हादसा, सड़क किनारे पैदल जा रहे थे चारों श्रद्धालु
फतेहगढ़ साहिब/फरीदकोट। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। हादसा सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ के बीच हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे चार कांवड़ियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही जान चली गई।
गंगोत्री से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे थे
चारों श्रद्धालु उत्तराखंड के गंगोत्री धाम से गंगाजल की डाक कांवड़ लेकर फरीदकोट जिले के कोटकपूरा लौट रहे थे। वे दो अलग-अलग कांवड़ संघों के जत्थों के साथ यात्रा पर गए थे। जानकारी के मुताबिक जत्था 30 जुलाई को गंगोत्री के लिए रवाना हुआ था और 10 अगस्त को कोटकपूरा पहुंचने की योजना थी।
हाईवे पर पैदल चल रहे थे श्रद्धालु
वापसी के दौरान सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ हाईवे पर चारों कांवड़िए सड़क किनारे पैदल आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
तीन की मौके पर मौत, चौथा गंभीर
हादसे में कोटकपूरा निवासी महेंद्र पाल (43), दीपक कुमार (42) और जगदीश मित्तल (40) की मौत हुई है। वहीं मुकेश गोयल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
शहर में शोक की लहर
हादसे की खबर कोटकपूरा पहुंचते ही मृतकों के परिवारों और कांवड़ संघों में शोक फैल गया। जिन श्रद्धालुओं ने गंगोत्री से पवित्र गंगाजल लाकर अपने गंतव्य तक पहुंचने का संकल्प लिया था, उनकी यात्रा मंजिल से कुछ ही समय पहले दर्दनाक हादसे में थम गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।







