पेंड्रा संवाददाता दीपक कश्यप
जिला कांग्रेस के आयोजन में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के योगदान को किया याद, देश की एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। 9 अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के तत्वावधान में ग्राम सेमरा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शहीदों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजमति भानु ने कहा कि 9 अगस्त का दिन भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी दिन वर्ष 1942 में महात्मा गांधी के नेतृत्व में अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन का बिगुल फूंका गया था। उन्होंने कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली है। वर्तमान पीढ़ी का दायित्व है कि वह स्वतंत्रता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सजग रहे।

अर्चना पोर्ते ने आदिवासी समाज और स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी वीरों के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में आदिवासी समाज के अनेक वीरों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। उनके संघर्ष और बलिदान को इतिहास में उचित स्थान मिलना चाहिए।
गुलाब राज ने कहा कि क्रांति दिवस केवल इतिहास को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का दिन भी है। वहीं बेचू अहिरे ने स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष और कांग्रेस के योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुद्रिका सर्राटी एवं मनीष दुबे ने भी संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए कठिन परिस्थितियों का सामना किया। उनके विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का संचालन पुष्पराज सिंह ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अमित सोनी ने किया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पंकज तिवारी, शंकर कंवर, अमर भानु, श्रीकांत मिश्रा, निलेश साहू, संतोष ठाकुर, रियांश सोनी, शिवांश दुबे, असलम, अफसर खान, तेज राजपूत, उपेंद्र, दीनदयाल सिंह उइके, गंगेश मार्को, सुनीता टिमोथी, आलोक शुक्ला, अजय मिश्रा, मो. यासर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।







