पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपनी लॉन्ग टाइम पार्टनर जॉर्जिना रोड्रिग्ज से शादी कर ली है। करीब नौ साल के रिश्ते के बाद दोनों ने 11 अगस्त को पुर्तगाल के कास्काइस में एक निजी नागरिक समारोह में शादी की। इस मौके पर उनके पांचों बच्चे भी मौजूद रहे।
शादी की जानकारी दोनों ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर कर दी। तस्वीर में रोनाल्डो और जॉर्जिना एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आए और दोनों की उंगलियों में शादी की अंगूठियां दिखीं। पोस्ट के साथ सिर्फ ‘C❤️G’ लिखा गया। कपल ने समारोह की दूसरी तस्वीरें या ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
रोनाल्डो और जॉर्जिना की शादी लंबे समय से चर्चा में थी। जॉर्जिना ने अगस्त 2025 में अपनी सगाई की घोषणा की थी। इसके करीब एक साल बाद दोनों ने शादी कर ली।
दिलचस्प बात यह है कि शादी से कुछ दिन पहले दोनों की शादी को लेकर गलत खबर भी सामने आई थी। दावा किया गया था कि रोनाल्डो और जॉर्जिना मदीरा के फुंचाल स्थित एस कैथेड्रल में शादी करेंगे। खबर सुनकर बड़ी संख्या में प्रशंसक कैथेड्रल के बाहर पहुंच गए। हालांकि, वहां शादी करने वाला जोड़ा रोनाल्डो और जॉर्जिना नहीं था।
रोनाल्डो और जॉर्जिना की प्रेम कहानी साल 2016 में मैड्रिड से शुरू हुई थी। उस समय जॉर्जिना एक गुच्ची स्टोर में काम करती थीं। रोनाल्डो उस समय रियल मैड्रिड के लिए खेल रहे थे।
दोनों की पहली मुलाकात के बाद रिश्ता धीरे-धीरे आगे बढ़ा। जनवरी 2017 में ज्यूरिख में आयोजित द बेस्ट फीफा फुटबॉल अवॉर्ड्स समारोह के दौरान दोनों पहली बार सार्वजनिक रूप से एक साथ नजर आए। इसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात करनी शुरू की।
जॉर्जिना ने भी कई मौकों पर रोनाल्डो के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद किया है। उन्होंने इसे ‘लव एट फर्स्ट साइट’ बताया था। उनका कहना था कि रोनाल्डो को पहली बार देखने पर उन्हें एक अलग तरह की ऊर्जा और शांति महसूस हुई थी।







