Home कोरबा भाजपा बांकी मोंगरा मंडल की मासिक बैठक संपन्न, राष्ट्रभक्ति से जुड़े चार...

भाजपा बांकी मोंगरा मंडल की मासिक बैठक संपन्न, राष्ट्रभक्ति से जुड़े चार प्रमुख कार्यक्रमों की बनी रणनीति

9
0

गुरदीप सिंह/बांकी मोंगरा/कुसमुंडा (कोरबा), 12 अगस्त 2026।

भारतीय जनता पार्टी बांकी मोंगरा मंडल की महत्वपूर्ण मासिक बैठक मंगलवार को आदर्श नगर कुसमुंडा में गरिमामय माहौल में संपन्न हुई। बैठक का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गान के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मंडल प्रभारी एवं जिला मंत्री श्री अजय कुमार दुबे जी उपस्थित रहे, जबकि बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष श्री उदय शर्मा जी ने की। इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी राष्ट्रीय पर्वों को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

इस महत्वपूर्ण बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले चार प्रमुख राष्ट्रीय और संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तृत रणनीति बनाई गई। इसके तहत देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे के सम्मान में मंडल के अंतर्गत एक विशाल व भव्य तिरंगा यात्रा (बाइक रैली) निकालने को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही देश के विभाजन के दर्द और शहीदों की स्मृति में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ गरिमापूर्ण तरीके से मनाने पर चर्चा हुई। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त को मंडल के सभी तय मुख्यालयों पर गौरवमयी ढंग से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया और देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की आगामी पुण्यतिथि को श्रद्धापूर्वक मनाने की रूपरेखा तय की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल प्रभारी श्री अजय कुमार दुबे जी ने सभी प्रमुख एजेंडों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ये सभी कार्यक्रम राष्ट्रभावना से ओतप्रोत हैं, इसलिए हर कार्यकर्ता को पूरी ऊर्जा के साथ इन्हें सफल बनाने में जुट जाना चाहिए। उन्होंने संगठन के कार्यों को गति देने के लिए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।

इस बैठक में भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से मंडल महामंत्री विकेश झा, मंडल उपाध्यक्ष सुंदर बंजारे, शालिक राम दुबे, मंडल मंत्री कविता यादव, गौरी केवट, रितेश अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत कैवर्त और पूर्व मंडल महामंत्री हनुमान प्रसाद पांडे शामिल हुए। इनके साथ ही मनोज कुंडु, श्रावण यादव, राकेश पटेल, गुरदीप सिंह, हेम सिंह कंवर, दुर्योधन नागपुरे, नागेंद्र सिंह, रितेश सिंह, नीलकंठ, जनक राम पटेल, अमरनाथ कौशिक, मालिक राम कश्यप, राहुल उपाध्याय सहित वर्तमान मंडल के सभी शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक एवं समस्त मोर्चों के अध्यक्ष व ऊर्जावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here