अब्दुल रफ़ीक खान/कोमाखान। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद स्कूल कोमाखान से एक ऐतिहासिक, विशाल और भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भारत माता के गौरव को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से निकाली गई इस यात्रा में 1 किलोमीटर लंबा विशाल तिरंगा आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा।
देशभक्ति के गीतों से गुंजायमान हुआ नगर
यह तिरंगा यात्रा स्वामी आत्मानंद स्कूल कोमाखान से प्रारंभ होकर डीजे की धुन और देशभक्ति गीतों के साथ पूरे नगर का भ्रमण करते हुए पुनः अपने आरंभ स्थल पर पहुँची। यात्रा का समापन सामूहिक राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के ससम्मान गायन के साथ हुआ।
क्षेत्र की प्रमुख संस्थाओं की रही सशक्त भागीदारी
इस भव्य तिरंगा यात्रा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, माई राइजिंग एकेडमी, गुरुकुल विद्यालय, ह्यूमन प्राइड पब्लिक स्कूल, कर्मा पब्लिक इंग्लिश स्कूल, तहसील कार्यालय परिवार, पुलिस प्रशासन, ग्राम पंचायत परिवार कोमाखान, ग्राम पंचायत घोयनाबाहरा, बिहान महिला समूह, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, समस्त व्यापारी बंधु तथा क्षेत्र की सामाजिक, धार्मिक एवं प्रशासनिक संस्थाओं की सक्रिय एवं सराहनीय सहभागिता रही।
हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा थामकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के जोरदार नारे लगाए, जिससे पूरा कोमाखान क्षेत्र देशभक्ति के तरानों से सराबोर हो गया। तिरंगा यात्रा आयोजन समिति कोमाखान ने इस सफल आयोजन हेतु समस्त क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।







