Home चर्चा में स्मार्ट मीटर, बढ़े बिजली बिल और अघोषित कटौती के खिलाफ कांग्रेस का...

स्मार्ट मीटर, बढ़े बिजली बिल और अघोषित कटौती के खिलाफ कांग्रेस का घर-घर अभियान

11
0

विमल सोनी/बिलासपुर। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर, बढ़े हुए बिजली के दाम, गलत बिजली बिल और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार वार्डों और गली-मोहल्लों में पहुंचकर आमजन एवं व्यापारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर दस्तक देकर बिजली से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली जा रही है और प्रभावित उपभोक्ताओं से शिकायत फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। अभियान के दौरान गलत बिजली बिलों में संशोधन, बढ़े हुए बिजली के दामों पर राहत तथा अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।

400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना फिर शुरू करने की मांग

कांग्रेस नेताओं ने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में लागू 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः शुरू करने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने वाली इस योजना को फिर से लागू किया जाना चाहिए, ताकि आम परिवारों पर बढ़ते बिजली खर्च का बोझ कम हो सके।

इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर भी लोगों से जानकारी जुटा रहे हैं। अभियान के माध्यम से उपभोक्ताओं की समस्याओं को एकत्रित कर उन्हें संबंधित स्तर तक पहुंचाने की बात कही जा रही है।

विद्या विनोबा, क्रांति नगर सहित कई क्षेत्रों में पहुंची कांग्रेस की टीम

इसी कड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्या विनोबा, क्रांति नगर, शेष कॉलोनी, डिपूपारा एवं लिंक रोड क्षेत्र में घर-घर संपर्क किया। इस दौरान स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों से बिजली व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज करते हुए शिकायत फॉर्म भरवाए गए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा और आम उपभोक्ताओं की आवाज को सड़क से लेकर संबंधित विभाग तक मजबूती से उठाया जाएगा।

बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद

इस अभियान में जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रशांत पांडेय, दिलीप साहू, संजय दवे, राहुल दुबे, संगीत मोईत्रा, राघवेंद्र सिंह, सदिप मिश्रा, बब्लू केसरवानी, केशव गोरख, पियुष अग्रवाल, संजय साहू, विजय तिवारी, हनु शर्मा, गुड्डु चंदेल, छोटू बर्डे, विजय दुबे, राजेश साहू, विक्की नानवानी, प्रशांत परिहार, श्रीमती सुषमा साहू, स्मिता मोईत्रा, ममता पाण्डेय, मृत्युंजय तिवारी, ओम शर्मा, संतोष चौहान, राजेंद्र विष्ट, अजय गोस्वामी, राज चौहान, नरेंद्र सिंह, जावेद खान, सन्नी चौहान, उदय गंगवानी, मो. शकील और राजा यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here