देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो की वेबसाइट ठप हो गई है। वेबसाइट ठप होने के कारण यात्री टिकट बुकिंग और चेक-इन नहीं कर पा रहे हैं। कुछ यूजर्स को मोबाइल एप में लॉगिन करने में भी दिक्कत आ रही है। इस हफ्ते दूसरा मौका है जब इंडिगो की वेबसाइट और ऑनलाइन सर्विसेज में गड़बड़ी आई है।
एयरलाइन ने वेबसाइट पर सर्विस एडवाइजरी जारी कर कहा कि सिस्टम में रुक-रुककर दिक्कत आ रही है। इससे कुछ कस्टमर्स को हमारी ऑनलाइन सर्विसेज का इस्तेमाल करने में दिक्कत हो सकती है। हम इसे ठीक करने में लगे हुए हैं।
इंडिगो ने कहा कि जिन ग्राहकों को तुरंत यात्रा संबंधी मदद चाहिए, वे कस्टमर्स सपोर्ट हेल्पलाइन से संपर्क करें। जिन कस्टमर्स की यात्रा बाद में है, वे कुछ समय बाद कोशिश करें। इंडिगो ने यात्रियों से कुछ समय बाद डिजिटल चैनल दोबारा इस्तेमाल करने को कहा। शुक्रवार को कई यूजर्स ने इंडिगो के एक्स अकाउंट पर शिकायतें कीं। इनमें फ्लाइट बुकिंग फेल होना, वेब चेक-इन में दिक्कत और पेमेंट कन्फर्मेशन नहीं मिलना शामिल था। यह गड़बड़ी उस समस्या के दो दिन बाद सामने आई, जिसे इंडिगो ने अपने मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म में माना था।







