सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रैंप वॉक और विभिन्न प्रतियोगिताओं ने बांधा समां; भारती झा बनीं ‘सावन क्वीन’, आरती झा ने रैंप वॉक में हासिल किया प्रथम स्थान
कोरबा। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल महाराजा पैलेस में मिथिला समाज की महिलाओं द्वारा “मिथिला सखी सावन मिलन समारोह-2026” का भव्य आयोजन किया गया। सावन के उल्लास और मिथिलांचल की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से सजे इस समारोह में महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान लोकगीत, भजन, नृत्य, खेलकूद और विभिन्न प्रतियोगिताओं ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
पारंपरिक विधि-विधान से हुआ शुभारंभ
समारोह की शुरुआत पारंपरिक एवं आध्यात्मिक माहौल में हुई। समाज की वरिष्ठ एवं बुजुर्ग महिलाओं ने भगवान राधा-कृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद उपस्थित सदस्यों का परिचय सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया और आपसी मेलजोल को और मजबूत किया।
लोकगीत और नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। श्रीमती शांति झा ने अपनी मधुर आवाज में पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं समाज के बच्चों ने भी शानदार नृत्य और गीतों की प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। बच्चों की प्रस्तुतियों में मिथिलांचल की संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।
भारती झा बनीं ‘सावन क्वीन’, आरती झा रैंप वॉक में प्रथम
महिलाओं के लिए आयोजित रैंप वॉक प्रतियोगिता ने समारोह में खास उत्साह भर दिया। प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में श्रीमती आरती झा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि श्रीमती भारती झा को ‘सावन क्वीन-2026’ चुना गया।

सोनी विकास झा और किरण मनोज झा को मिला ‘मिथिला गौरव सम्मान’
समारोह में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा एवं श्रीमती किरण मनोज झा (बरपाली) को समाज और क्षेत्र के प्रति उनके योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘मिथिला गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद समाज को संबोधित करते हुए श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे मिथिला समाज की कर्मठ महिलाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों और समृद्ध संस्कृति से जुड़े रहना ही समाज की असली पहचान है। माताएं और बहनें परिवार के साथ-साथ लोककला, संस्कार और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने समाज के विकास और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों में निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया।
वहीं, श्रीमती किरण मनोज झा ने क्षेत्र के विकास के साथ-साथ मिथिला संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प लिया। उन्होंने आयोजन समिति और समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

मेधावी बच्चों का हुआ सम्मान
समारोह में समाज के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया। पढ़ाई-लिखाई के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज को गौरवान्वित करने वाले कृतिका झा, कल्याणी झा और अश्मित झा को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
खेलकूद, पहेली और भजन ने बढ़ाया उत्साह
महिलाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेलकूद एवं पहेली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही फलाहार, सुमधुर भजन और सामूहिक नृत्य का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम में शामिल सभी आगंतुकों के लिए आयोजन समिति की ओर से विशेष रिटर्न गिफ्ट की व्यवस्था की गई थी।
पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सावन के रंग में रंगे इस मिलन समारोह ने समाज की महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को उत्साहपूर्वक मनाने का अवसर दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, वरिष्ठजनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सामूहिक भोज के साथ समारोह का समापन हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती प्रीति विकेश झा ने किया, जबकि सुधा झा ने आभार प्रदर्शन किया।
बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं उपस्थित
समारोह में मुख्य रूप से सुधा झा, अन्नू झा, प्रीति झा, निशु झा, प्रीति मिश्रा, कल्पना झा, जलपरियां झा, बबीता झा, किरण झा, मधु झा, कोमल झा, शांति झा, सीता झा, इंदु देवी, राखी झा, आरती झा, अलका चौधरी, सोना झा, बिंदु झा, ज्योति झा, अंकु झा, प्रेमलता मिश्रा, अंजलि झा, मंजू झा, सुनीता झा, तनुजा मिश्रा, नीलम झा, कंचन झा, रानी झा और खुशबू झा सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं उपस्थित रहीं।








