करीब 150 कर्मचारियों ने सुरक्षा कर्मियों की कलाई पर बांधी राखी, उन्नति की महिलाओं और नंद घर के बच्चों ने भी उत्साह से मनाया पर्व
बालकोनगर, 28 अगस्त 2026। आपसी विश्वास, स्नेह और एकजुटता के संदेश के साथ वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में रक्षाबंधन का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने सुरक्षा कर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके समर्पण और कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में योगदान के प्रति आभार जताया। वहीं, समुदाय के साथ पर्व की खुशियां साझा कर आपसी संबंधों को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
रक्षाबंधन के अवसर पर बालको के विभिन्न विभागों से जुड़े करीब 150 कर्मचारियों ने महिला, पुरुष, ट्रांसजेंडर और सुरक्षा कर्मियों की कलाई पर राखी बांधी। इस पहल का उद्देश्य उन कर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना रहा, जो प्रतिदिन कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान राखी का धागा विश्वास, जिम्मेदारी और सुरक्षित कार्य संस्कृति के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।
उन्नति परियोजना की महिलाओं ने खुद तैयार की राखियां
रक्षाबंधन समारोह में बालको की उन्नति परियोजना से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां बालको के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की कलाई पर बांधीं।
इस पहल ने महिलाओं के कौशल, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता को भी सामने रखा। उन्नति परियोजना के माध्यम से महिलाओं को कौशल विकास के साथ आय के नए अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

बालको अस्पताल में डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों को बांधी राखी
रक्षाबंधन के मौके पर बालको अस्पताल में भी विशेष आयोजन हुआ। उन्नति परियोजना से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अस्पताल के डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सेवाभाव और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों ने भी महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस पहल के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों और समुदाय के बीच सम्मान, विश्वास और अपनत्व के रिश्ते को मजबूती मिली।
नंद घर के बच्चों ने खुद बनाई राखियां
बालको ने नंद घर के बच्चों के साथ भी रक्षाबंधन का पर्व मनाया। बच्चों ने अपने हाथों से सुंदर राखियां तैयार कीं और एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और सहयोग का संदेश दिया।
राखी बनाने और एक-दूसरे को बांधने की गतिविधि ने बच्चों को रचनात्मकता से जोड़ने के साथ भारतीय त्योहारों और पारिवारिक मूल्यों को समझने का अवसर भी दिया। नंद घर वेदांता समूह की सामुदायिक विकास पहल का हिस्सा है, जिसके माध्यम से बच्चों के समग्र विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण पर काम किया जाता है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर लगातार पहल
बालको अपने परिचालन क्षेत्र के समुदायों के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में विभिन्न सामाजिक पहल संचालित कर रहा है। रक्षाबंधन का यह आयोजन भी कर्मचारियों और समुदाय के बीच आपसी जुड़ाव तथा सहयोग को बढ़ावा देने की इसी भावना का हिस्सा रहा।
पूरे आयोजन के दौरान कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों, चिकित्सा कर्मियों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। रक्षाबंधन के अवसर पर सभी ने विश्वास, सम्मान, सहयोग और सामुदायिक विकास की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।







