बीजापुर। थाना बासागुड़ा एवं डीआरजी की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में नगदी, विस्फोटक सामग्री एवं नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की गई।
संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान बोगम लखमू पिता पाण्डू, उम्र 39 वर्ष, निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने पूर्व में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में कार्य करना तथा नक्सली संगठन की सामग्री एवं विस्फोटक पदार्थों को छिपाने के उद्देश्य से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की बात स्वीकार की।
बरामद सामग्री
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से निम्न सामग्री बरामद की गई—
- ₹50,050 नगद
- 01 BGL लांचर
- 18 BGL सेल
- 12 तीर बम
- 01 हैंड ग्रेनेड
- .303 के 15 जिंदा राउंड
- 31 BGL कार्ट्रिज
- 01 INSAS खाली मैगजीन
- बिजली वायर
- 03 राउंड चार्जर
- 01 ईमीटर लीड
बरामद समस्त सामग्री को विधिवत सीलबंद कर पंचनामा तैयार किया गया।
आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के उपरांत आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना बासागुड़ा पुलिस एवं डीआरजी की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







