-28-29 अगस्त की रात पथराव-तोड़फोड़ के बाद ताबड़तोड़ कार्रवाई, 50 से ज्यादा लोगों पर FIR; CCTV और ड्रोन से संदिग्धों की तलाश
योगेन्द्र राठौर/बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में 28-29 अगस्त की दरमियानी रात हुए बवाल के बाद पुलिस ने अब कार्रवाई तेज कर दी है। पथराव, तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों के घायल होने की घटना के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। पुलिस ने संदिग्धों की धरपकड़ शुरू करते हुए 16 लोगों को हिरासत में लिया, जिसके बाद अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
पुलिस की कार्रवाई में एक पक्ष से 8 आरोपी और दूसरे पक्ष से 3 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पहले मामले में 8 आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 488/2026 के तहत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी खपरगंज, तालापारा, जूनी लाइन और सरकंडा क्षेत्र के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मौला बक्स उर्फ जुब्बू, शेख अजरूद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मो. जुनैद शामिल हैं।
दूसरे मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
वहीं, अपराध क्रमांक 489/2026 के तहत पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, राजू यादव और राकेश यादव कुंदरापारा के रहने वाले हैं, जबकि छत्रपाल साहू डबरीपारा निवासी है।
बवाल में 8 वाहन और दुकान को नुकसान
घटना के दौरान पथराव और तोड़फोड़ की भी जानकारी सामने आई है। बवाल में 8 वाहनों और एक दुकान को नुकसान पहुंचाया गया। इनमें 6 चार पहिया वाहन, एक ई-रिक्शा और एक बाइक शामिल हैं।
पथराव के कारण एक मकान की खिड़कियों के कांच भी टूट गए। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम भी पथराव की चपेट में आ गई। इस दौरान तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। टीआई के सिर में गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया।
350 अतिरिक्त जवानों की तैनाती, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर
घटना के बाद पुलिस-प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। खपरगंज, तेलीपारा रोड, मध्यनगरी चौक, सिम्स चौक और करोना चौक में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
स्थानीय पुलिस के साथ दूसरे जिलों से करीब 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाकर तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पैदल मार्च और पेट्रोलिंग की जा रही है।
एहतियात के तौर पर क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।
CCTV और ड्रोन से होगी हर संदिग्ध की पहचान
पुलिस अब बवाल में शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
इसके साथ ही ड्रोन से संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस का स्पष्ट संदेश: कानून तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने साफ किया है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल बिलासपुर में स्थिति पर पुलिस-प्रशासन की कड़ी नजर है। भारी पुलिस बल की तैनाती, लगातार पेट्रोलिंग, CCTV फुटेज की जांच और ड्रोन निगरानी के बीच पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर की शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







