Home चर्चा में एकता के कदम, शांति का संदेश: बिलासपुर में निकला विशाल शांति मार्च

एकता के कदम, शांति का संदेश: बिलासपुर में निकला विशाल शांति मार्च

10
0

-कलेक्टर-एसएसपी के नेतृत्व में निकला शांति मार्च, सभी वर्गों ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता

बिलासपुर। शहर में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से बुधवार को बिलासपुर में शांति मार्च निकाला गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में निकले इस मार्च में विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

शांति मार्च नेहरू चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्च में शामिल लोगों ने एकजुट होकर शहर में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान हमेशा से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के लिए रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में शांति एवं सामान्य स्थिति बनाए रखने में नागरिकों, विभिन्न समाजों और मीडिया का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। आपसी सहयोग, संयम और जिम्मेदारी से ही शहर में शांतिपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है।

विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिलासपुर सभी वर्गों के लोगों का शहर है और इसकी पहचान सामाजिक एकता एवं आपसी भाईचारे से है। उन्होंने शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

उल्लेखनीय है कि हालिया घटनाक्रम के मद्देनजर आयोजित शांति समिति की बैठक में शहर में शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का निर्णय लिया गया था। समिति के सदस्यों ने भी शहर की शांति व्यवस्था और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की बात कही थी।

शांति मार्च में सभी वर्गों की सहभागिता ने बिलासपुर की सामाजिक एकता और शांतिप्रिय परंपरा को एक बार फिर प्रदर्शित किया। नागरिकों ने एकजुट होकर संदेश दिया कि आपसी सहयोग, संयम और भाईचारे के साथ बिलासपुर में शांति एवं सद्भाव को निरंतर मजबूत किया जाएगा।

शांति मार्च में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रमुख, शांति समिति के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here