Home चर्चा में चांपा में नन्हे कान्हाओं ने मटकी फोड़कर मनाई जन्माष्टमी, 11 हांडियों के...

चांपा में नन्हे कान्हाओं ने मटकी फोड़कर मनाई जन्माष्टमी, 11 हांडियों के साथ बच्चों ने बिखेरा उत्साह

10
0
जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
 चांपा । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जिला जांजगीर-चांपा के चांपा गुरुद्वारा वार्ड क्रमांक 25 में राहुल कृष्ण रिषभ बाल ग्रुप के बच्चों ने अनोखे और उत्साहपूर्ण अंदाज में जन्माष्टमी का पर्व मनाया। नन्हे बच्चों द्वारा आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम ने पूरे मोहल्ले को कृष्ण भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की तैयारियां बच्चों ने एक दिन पूर्व से ही शुरू कर दी थीं। बच्चों ने मिलकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी पूरी की और मोहल्ले में अलग-अलग स्थानों पर कुल 11 हांडियां बांधी गईं।
जन्माष्टमी के दिन बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ एक-एक कर सभी हांडियों को फोड़कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
बच्चों के इस उत्सव को देखने के लिए मोहल्ले के बड़े-बुजुर्ग, वरिष्ठजन, मित्र एवं स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। नन्हे बच्चों का उत्साह और हांडी फोड़ने की खुशी देखते ही बन रही थी। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए उपस्थित लोगों ने उनका हौसला बढ़ाया और तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
इस दौरान स्थानीय पत्रकार राजेंद्र प्रसाद जायसवाल ने बच्चों की सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखते हुए उनके द्वारा हांडी फोड़ने का आयोजन कराया। उनका उद्देश्य बच्चों के उत्साह को बढ़ाने के साथ-साथ कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना रहा।
बच्चों में बढ़ा उत्साह, मोहल्ले में गूंजा जय श्रीकृष्ण
जन्माष्टमी का यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों में सामूहिक सहभागिता, अनुशासन, सहयोग और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति रुचि बढ़ाने का माध्यम भी बना। 11 हांडियों को एक-एक कर फोड़ते नन्हे बच्चों के चेहरे पर दिखाई दे रही खुशी ने पूरे मोहल्ले का माहौल खुशनुमा कर दिया।
राहुल कृष्ण रिषभ बाल ग्रुप के बच्चों की इस पहल की मोहल्ले के वरिष्ठजनों और नागरिकों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ती है। जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत यह उत्साह और सामूहिक आयोजन लंबे समय तक मोहल्ले के लोगों के लिए यादगार बना रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here