आरा/बिहार। अलीपुरद्वार से दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस रविवार को बिहार के आरा में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन का इंजन और दो कोच पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर राहत एवं तकनीकी टीमों को भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि ट्रेन निर्धारित दिल्ली रूट के बजाय सासाराम लाइन की ओर चली गई थी, जिसके बाद यह घटना हुई। हादसे के कारण संबंधित रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई ट्रेनें देरी से संचालित हुईं।
घटना को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत स्टेशन मास्टर को निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई है। तकनीकी टीमों द्वारा पटरी को दुरुस्त करने और रेल परिचालन को सामान्य करने का काम किया जा रहा है।
रेलवे अधिकारी घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रेन गलत रूट पर कैसे पहुंची और डिरेलमेंट के पीछे वास्तविक वजह क्या रही।







