कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह
गेवरा बस्ती। ज्ञान भारती विद्यालय गेवरा बस्ती में 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करने के साथ हुई।
इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों का गुलदस्ते भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के डायरेक्टर एवं व्यवस्थापक श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि गुरु का स्थान प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन में सही दिशा दिखाने और एक बेहतर इंसान बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, भाषण, कविता सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के व्यवस्थापक श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव द्वारा सभी शिक्षकों को उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की हेड मास्टर श्रीमती निर्मला जायसवाल सहित बेहुला, पूर्णिमा अघरिया, कृष्ण प्रसाद, नेहा, निर्मलजीत, कांक्षा, प्राची, श्वेता, पूर्णिमा, रेणुका, प्रियंका, रंजीता, मुस्कान सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे।







