Home खेल Messi-Ronaldo एक टीम में! पहली बार साथ खेल सकते हैं फुटबॉल के...

Messi-Ronaldo एक टीम में! पहली बार साथ खेल सकते हैं फुटबॉल के दो सबसे बड़े सितारे, Tevez के फेयरवेल मैच में बनेगा ऐतिहासिक पल

7
0

लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो को फुटबॉल की दुनिया के दो सबसे बड़े सितारों में गिना जाता है। दोनों के बीच करीब 15 साल तक चली प्रतिद्वंद्विता ने फुटबॉल के एक पूरे दौर को खास बना दिया। अब पहली बार दोनों एक ही टीम की ओर से खेलते नजर आ सकते हैं।

यह मौका अर्जेंटीना के पूर्व फुटबॉलर कार्लोस टेवेज के फेयरवेल मैच में बन सकता है। टेवेज मेसी और रोनाल्डो दोनों के साथ खेल चुके हैं और अब दोनों को एक ही टीम में उतारने की योजना बना रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, टेवेज ने बोका जूनियर्स के प्रेसिडेंट जुआन रोमन रिकेल्मे से क्लब के होम ग्राउंड ला बॉम्बोनेरा में फेयरवेल मैच कराने को लेकर बातचीत की है। रिकेल्मे ने इसके लिए मंजूरी दे दी है।

टेवेज ने बोका जूनियर्स से अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 2021 में फुटबॉल से संन्यास लिया था। अब करीब पांच साल बाद वह फेयरवेल मैच खेलने की तैयारी कर रहे हैं। मैच की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन इसके दिसंबर में होने की संभावना है। इसका मकसद बोका जूनियर्स के नियमित शेड्यूल को प्रभावित होने से बचाना है।

मेसी और रोनाल्डो अब तक क्लब और नेशनल टीम स्तर पर 37 बार एक-दूसरे के खिलाफ खेल चुके हैं। दोनों ने कभी एक ही टीम के लिए मुकाबला नहीं खेला है।

मेसी और रोनाल्डो के बीच कौन महान है, इसे लेकर लंबे समय से बहस होती रही है। दोनों ने मिलकर 13 बैलन डी’ओर अवॉर्ड जीते हैं। रोनाल्डो लंबे समय तक रियल मैड्रिड और मेसी बार्सिलोना के लिए खेलते रहे। इसी दौरान दोनों की प्रतिद्वंद्विता अपने चरम पर पहुंची।

मेसी और रोनाल्डो को एक साथ लाने की योजना इसलिए भी संभव नजर आ रही है क्योंकि टेवेज दोनों के साथ खेल चुके हैं। उन्होंने मेसी के साथ अर्जेंटीना की टीम में ड्रेसिंग रूम शेयर किया है। वहीं, रोनाल्डो के साथ वह मैनचेस्टर यूनाइटेड में खेल चुके हैं।

टेवेज ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह आज भी मेसी और रोनाल्डो के संपर्क में हैं और दोनों से व्हाट्सऐप पर बातचीत होती रहती है।

जब टेवेज से पूछा गया कि क्या उनके फेयरवेल मैच में मेसी और रोनाल्डो एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे, तो उन्होंने कहा, “हम उन्हें एक साथ लाएंगे।”

एक टीम में साथ दिखे तो बनेगा ऐतिहासिक पल

अगर टेवेज अपनी योजना में सफल होते हैं और मेसी-रोनाल्डो फेयरवेल मैच में साथ उतरते हैं, तो यह फुटबॉल के सबसे यादगार पलों में शामिल हो सकता है। वर्षों तक एक-दूसरे के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी रहे दोनों दिग्गज पहली बार एक ही टीम की जर्सी में मैदान पर नजर आएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here