आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग। उल्लास नवभारत साक्षरता पखवाड़े के अंतर्गत जिला कलेक्टर रायपुर डॉ गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय गुखेरा में जनजागरूकता साक्षरता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के बच्चों ने हाथों में शैक्षिक संदेशों से सजे पोस्टर और तख्तियां लेकर पूरे गांव का भ्रमण किया तथा ग्रामीणों को साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूक किया।
बच्चों ने “साक्षरता ही जीवन का कर्म, कभी न टूटे इसका क्रम” और “दीप से दीप जलाएंगे, बड़े-बुजुर्गों सभी को साक्षर बनाएंगे” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से शिक्षा और साक्षरता का संदेश दिया। रैली के दौरान ग्रामीणों में भी उत्साह देखने को मिला।

बाजार चौक में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि पुरुषोत्तम सोनवानी एवं शाला विकास समिति अध्यक्ष रेखराज देवांगन ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए गांव को पूर्ण साक्षर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही। अरविंद वैष्णव ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति और समाज के विकास की मजबूत आधारशिला है।
इस अवसर पर ग्राम प्रभारी प्रधान पाठक गण अरविंद वैष्णव एवं के.के. साहू, वरिष्ठ शिक्षक रामनारायण कन्नौजे, साक्षरता प्रभारी नोहर लाल यादव, विमला चौहान, फातिमा जांगड़े सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं ग्रामवासियों की सहभागिता रही।







