-पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम के नेतृत्व में भू-स्थापितों के हक में आंदोलन, कहा – हमारा अधिकार, हमारा संघर्ष, हमारी जीत,
दीपक शर्मा/कोरबा / पाली:- एसईसीएल की सरईपाली-बुडबुड ओपन कास्ट परियोजना से प्रभावित भू-विस्थापितों के मुद्दे को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पाली-तानाखार विधायक मान. तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम के नेतृत्व में 22 सितंबर 2026 से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन एवं संपूर्ण खदान बंदी की जाएगी।
पार्टी द्वारा जारी पोस्टर में कहा गया है कि एसईसीएल ओपन कास्ट परियोजना, सरईपाली-बुडबुड, पाली, जिला कोरबा में प्रभावित पीड़ित भू-स्थापितों एवं अन्य जनहित के मामलों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। भू-स्थापितों को उचित मुआवजा, पुनर्वास और रोजगार नहीं दिया गया है, ड्राइवरों को HPC दर के विपरीत भुगतान किया जाना साथ ही स्थानीय लोगों के हक का सम्मान नहीं हो रहा है।

इसी को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने “गोंडवाना की आवाज – जनहित के लिए संघर्ष” के नारे के साथ आंदोलन छेड़ने का फैसला किया है।
आंदोलन की प्रमुख मांगें –
– भू-स्थापितों को उचित मुआवजा दो
– पुनर्वास एवं रोजगार दो
– स्थानीय लोगों के हक का सम्मान करो
– जनहित की सभी मांगें पूरी करो
– ड्राइवरों को HPC दर के विपरीत भुगतान किया जाना बंद हो
गोंगपा का कहना है कि 22 सितंबर से शुरू होने वाला यह धरना अनिश्चितकालीन होगा और मांगें पूरी न होने तक खदान को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा।
गौरतलब है कि पाली-तानाखार से गोंगपा विधायक तुलेश्वर मरकाम छत्तीसगढ़ विधानसभा में तीसरे मोर्चे के इकलौते विधायक हैं। वे जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों के मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं।







