सारंगढ़ संवाददाता – लक्ष्मी नारायण लहरे
सारंगढ़। जिला मुख्यालय सारंगढ़ के प्रांजल विशेष स्कूल में गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। विद्यालय में पिछले 15 वर्षों से लगातार भगवान श्री गणेश की मूर्ति स्थापित कर पूजा-अर्चना की परंपरा निभाई जा रही है।
इस अवसर पर विद्यालय के दिव्यांगजन बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ बप्पा की पूजा-अर्चना की। बच्चों द्वारा गीत, भजन और आरती गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया गया। ढोलक-मंजीरे की थाप पर बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। कोई मोदक सजा रहा था तो कोई फूल-माला से बप्पा का श्रृंगार कर रहा था।
कार्यक्रम में संस्था की प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता हीरादेवी निराला ने विधि-विधान से गणेश जी की पूजा कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने बच्चों के साथ आरती की और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। श्रीमती निराला ने कहा कि “इन विशेष बच्चों की सच्ची भक्ति और मुस्कान में ही बप्पा का वास है। पिछले 15 साल से हम इस परंपरा को निभा रहे हैं ताकि बच्चों में संस्कार और आत्मविश्वास बना रहे।”
पूजा के पश्चात बच्चों को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान विद्यालय स्टाफ, अभिभावक और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। पूरे विद्यालय परिसर में “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे गूंजते रहे।







