Home चर्चा में एथलेटिक्स चयन ट्रायल में दिखाया दमखम

एथलेटिक्स चयन ट्रायल में दिखाया दमखम

6
0

-उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ कई खिलाड़ियों ने हासिल किए प्रथम एवं द्वितीय स्थान, गोवा में छत्तीसगढ़ का करेंगे प्रतिनिधित्व

बीजापुर 17 सितम्बर 2026 – छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चयन ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 13 सितम्बर 2026 तक स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा, रायपुर में किया गया। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ( AFI ) की एथलेटिक्स चयन ट्रायल संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस प्रतियोगिता में बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के 8 बालिका एवं 5 बालक, कुल 13 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में बीजापुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। जूनियर अंडर-14 वर्ग में रोहित वेंडजा ने 60 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं ऊंची कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-14 बालक वर्ग में पुनेम पाकलू ने 60 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं 600 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार अंडर-16 बालिका वर्ग में अंजली कारम ने पेंटाथलॉन की विभिन्न स्पर्धाओं -60 मीटर दौड़, 80 मीटर हर्डल्स, लंबी कूद, गोला फेंक एवं 600 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने 80 मीटर हर्डल्स में द्वितीय स्थान भी प्राप्त किया।

किच्चे बिमला ने 60 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान, जबकि निर्मती तेलम ने ऊंची कूद एवं लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नताशा तेलामी ने शॉटपुट एवं जेवलिन थ्रो में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ये सभी खिलाड़ी 27 से 29 सितम्बर 2026 तक गोवा में आयोजित होने वाली 37वीं वेस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। सभी चयनित खिलाड़ी शासकीय नवीन कन्या विद्यालय बीजापुर एवं एकलव्य बीजापुर स्कूल के छात्र-छात्राएं हैं।
कलेक्टर विश्वदीप ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर प्रभारी खेल अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर उत्तम सिंह पंचारी एवं कोच संदीप कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here