बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
मिनी स्टेडियम में गूंजा सेवा और विकास का संकल्प, बस्तर सांसद महेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों और निर्णयों को किया रेखांकित
नक्सल प्रभावित बीजापुर से नक्सल मुक्त बीजापुर तक का सफर, भय और आतंक से निकलकर विकास की राह पर बढ़ते जिले की तस्वीर हुई साझा
बीजापुर 17 सितम्बर 2026- सेवा, समर्पण और विकास के संकल्प के साथ जिले में सेवा संकल्प अभियान 2026 का भव्य आगाज हुआ। अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार शाम जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम सहित जिले के गांवों और विभिन्न स्थानों पर लगभग चार लाख दीयों ने एक साथ रोशनी बिखेरी। हजारों दीपों की जगमगाहट ने बीजापुर में शांति, विकास और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को प्रतीकात्मक रूप से जीवंत किया।
मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत सदस्य श्री मैथियस कुजूर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे, वनमंडलाधिकारी डॉ. सागर जाधव, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और महत्वपूर्ण निर्णयों को किया रेखांकित
मुख्य अतिथि बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का उल्लेख करते हुए इस अवधि में देशहित में लिए गए विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णयों और उनके प्रभावों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण, आधारभूत संरचना, गरीबों के सशक्तिकरण और अंतिम व्यक्ति तक शासन की पहुंच को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण पहल की हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, सहभागिता और विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का अवसर है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही विकसित भारत के संकल्प को मजबूत आधार मिल सकता है।
नक्सल प्रभावित बीजापुर से नक्सल मुक्त बीजापुर तक का सफर
सांसद श्री कश्यप ने बीजापुर के बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी नक्सल हिंसा और भय के लिए पहचाना जाने वाला यह क्षेत्र अब नक्सल मुक्त बीजापुर की दिशा में आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन केवल सुरक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसके साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, पेयजल, रोजगार और शासन की योजनाओं की पहुंच का विस्तार भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बीजापुर अब भय और आतंक की साया से निकलकर विकास और विश्वास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क और संचार जैसी सुविधाओं के विस्तार के साथ ग्रामीणों तक शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं और विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं।
पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने ‘आशीर्वाद का दीया’ को बताया नई उम्मीद का प्रतीक
पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा ने अपने उद्बोधन में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की भावना को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दीया केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि उम्मीद, विश्वास और सकारात्मक बदलाव का संदेश देता है। बीजापुर के लोगों ने लंबे समय तक कठिन परिस्थितियों का सामना किया है और आज यही जिला शांति एवं विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीजापुर के विकास में प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और सभी वर्गों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से जिले में विकास की गति को और आगे बढ़ाया जा सकता है।
कलेक्टर विश्वदीप ने बताया सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य और कार्ययोजना
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान 2026 की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा, जनभागीदारी और विकास कार्यों को गति देना तथा शासन की योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से आम नागरिकों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही है।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल भाव “सेवा से संकल्प और संकल्प से विकास” है। जिले के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है।
चार लाख दीयों की रोशनी ने दिया एकता और विकास का संदेश
कार्यक्रम के दौरान मिनी स्टेडियम में बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके साथ ही जिले के विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में भी लोगों ने अपने घरों एवं निर्धारित स्थलों पर दीप जलाकर अभियान के शुभारंभ में सहभागिता निभाई। लगभग चार लाख दीयों की रोशनी से बीजापुर जिला जगमगा उठा।
दीयों की यह रोशनी बीजापुर के लिए शांति, सेवा, विश्वास और विकास के नए दौर का संदेश लेकर आई। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों ने जिले के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर विकास के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री मैथियस कुजूर, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे, डीएफओ डॉ. सागर जाधव, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, वरिष्ठ नागरिक जी. वैंकट, श्री घासी राम नाग, श्री श्रीनिवास मुदलियार सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया के साथी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







