गीदम, 18 सितंबर 2026 “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत 17 सितंबर 2026 को गीदम विकासखंड के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कार, सेवा, सम्मान एवं सकारात्मक सोच की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
विकासखंड के 293 विद्यालयों मे 25477 दीया में निर्धारित समय पर आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया गया। इस अवसर पर 11424 प्रतिभागियों व विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा विद्यालय परिसर को आकर्षक रंगोली, दीप सज्जा एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सजाया गया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्सव एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण निर्मित हुआ।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी गीदम श्रीमती भवानी पुनेम व खंड स्त्रोत समन्वयक नितेश सिंह ने सभी विद्यालयों की सहभागिता एवं प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सेवा, संस्कार, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विकासखंड के सभी संकुल प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी का उत्साहवर्धन किया।
“आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के माध्यम से गीदम विकासखंड के विद्यालयों में शिक्षा के साथ संस्कार और सेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।







