सोमन साहू –
रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में सामने आए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस जघन्य हत्याकांड में किसी बाहरी अपराधी का नहीं, बल्कि मृतक के ही साथी शिक्षक का हाथ निकला है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की शुरुआत 17 सितंबर 2026 को हुई थी, जब पुलिस को ग्राम बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना मिली। मृतक के सिर और चेहरे पर धारदार एवं भारी वस्तु से गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं। पहचान शिवकुमार चंद्राकर (उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम रामपुर डंगनिया, गोबरा नवापारा) के रूप में हुई, जो पेशे से शिक्षक थे।
पुलिस जांच के दौरान सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब ग्रामीणों और चरवाहों ने बताया कि मृतक को अंतिम बार उसके साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा के साथ सफेद रंग की स्कूटी पर घटनास्थल की ओर जाते देखा गया था। दोनों ग्राम कुम्हारी के एक ही स्कूल में पदस्थ थे।
जब पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और शिक्षा विभाग के ‘विद्या समीक्षा केंद्र’ (VSK) ऐप की लॉग रिपोर्ट का बारीकी से अध्ययन किया, तो आरोपी का झूठ बेनकाब हो गया। 17 सितंबर की सुबह 09:35 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा था, लेकिन अपने मोबाइल का लोकेशन बंद कर निजी काम का बहाना बनाकर बाहर निकल गया था। हत्या को अंजाम देने के बाद वह दोपहर करीब 12:50 बजे वापस लौटा और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए खुद के फोन की बजाय साथी शिक्षक के मोबाइल से वीएसके ऐप में लॉग-इन किया। यही तकनीकी चूक पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बन गई।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि दोनों पिछले 4 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और साथ मिलकर रेत, रियल स्टेट व बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग करते थे। इसी पार्टनरशिप के तहत आरोपी ने मृतक को करीब 30 लाख रुपये उधारी दिए थे, जिसके एवज में मृतक ने उसे तीन खाली चेक दे रखे थे। आरोपी हर महीने उससे ब्याज वसूलता था, लेकिन पिछले तीन महीनों से मृतक न तो ब्याज दे रहा था और न ही पैसे लौटा रहा था, बल्कि कथित तौर पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।
घटना के दिन सुबह स्कूल के बाहर दोनों के बीच पैसों को लेकर फिर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके में पहुंचे। वहां विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले स्कूटी में रखे धारदार हथियार से वार कर शिवकुमार को नीचे गिराया और फिर हथौड़े से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, 3 खाली चेक, मृतक का पर्स, दोनों के मोबाइल फोन तथा खून से सने कपड़े, जूते और मोज़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।







