लक्ष्मी नारायण लहरे/सारंगढ़। सेवा और संवेदना की अनूठी मिसाल पेश करते हुए SECL छाल एरिया के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. वीरेंद्र कुमार अपने परिवार के साथ सारंगढ़ नगर के प्रांजल विशेष विद्यालय पहुंचे।
डॉ. कुमार ने अपनी पत्नी श्रीमती नीलिमा कुर्रे के साथ दिव्यांगजन बच्चों से आत्मीय मुलाकात की, उनका हाल-चाल जाना और उनके साथ कुछ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर और उनके साथ हंसी-खुशी के पल साझा किए, जिससे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी।
मानवीय संवेदना दिखाते हुए डॉक्टर दंपत्ति ने बच्चों के दैनिक भोजन हेतु सूखा राशन एवं अन्य उपयोगी सामग्री भेंट की। डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं, इन्हें सहयोग और अपनत्व की जरूरत है। उन्होंने संकल्प लिया कि हर माह में एक बार वे यहां आकर बच्चों के साथ समय जरूर बिताएंगे।
संस्था की प्रमुख श्रीमती हीरादेवी निराला ने डॉ. वीरेंद्र कुमार और उनके परिवार का आत्मीय स्वागत किया और उनके इस नेक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समाजसेवी व्यक्तित्व ही समाज को नई दिशा देते हैं।
यह पहल निश्चित रूप से समाज में सामाजिक सरोकार और मानव सेवा का संदेश देती है।







