रतनपुर संवाददाता – विमल सोनी
रतनपुर बिलासपुर। जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत खैरा में निःशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच सुश्री सुकृता पोर्ते सहित पंचायत के सभी पंचगण मौजूद रहे। स्वास्थ्य शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी।

इस अवसर पर चिकित्सकों ने ग्रामीणों को आयुर्वेदिक दवाओं के उपयोग, उनके लाभ तथा स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को बीमारियों से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के आयोजन से ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता देखने को मिली। ग्रामीणों ने इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों को गांव के लिए उपयोगी बताते हुए आयोजन की सराहना की।








