संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिला सक्ती, 19 सितम्बर 2026// सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओ से लोगों के जीवन मे आ रहे बदलाव की कहानिया सामने आ रही है। जिले के जैजैपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम रायपुरा के किसान श्री मोहनलाल धीवर लगभग 3 एकड़ (1.206 हेक्टेयर) भूमि पर कृषि कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित कृषि भूमि होने के कारण खेती में लगने वाले बीज, खाद एवं कीटनाशक जैसी आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था करना उनके लिए कई बार चुनौतीपूर्ण होता था। योजना का लाभ मिलने से पहले कृषि कार्यों के लिए आवश्यक सामग्री खरीदने हेतु उन्हें कई बार साहूकारों से उधार लेना पड़ता था। उधार की राशि पर ब्याज देने के कारण खेती की लागत बढ़ जाती थी और परिवार पर आर्थिक बोझ भी पड़ता था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना श्री मोहनलाल धीवर के लिए आर्थिक संबल बनकर सामने आई। उन्हें योजना के अंतर्गत 6,000 रुपये की वार्षिक आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। योजना की राशि समय पर मिलने से उन्होंने कृषि कार्यों के लिए आवश्यक बीज, खाद एवं दवाई की व्यवस्था समय पर की। इससे खेती के जरूरी कार्यों को सही समय पर पूरा करने में सुविधा मिली और साहूकारों से उधार लेने की आवश्यकता में भी कमी आई। समय पर कृषि निवेश उपलब्ध होने से श्री धीवर ने अपनी खेती को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाया और उनके अनुसार धान के उत्पादन में भी वृद्धि हुई।
किसान की जुबानी – “अब खेती के लिए जरूरी सामग्री समय पर जुटा पाता हूं”
किसान श्री मोहनलाल धीवर ने कहा कि मैं ग्राम रायपुरा का छोटा किसान हूं। पहले खेती के लिए खाद, बीज और दवाई खरीदने में आर्थिक परेशानी होती थी और उधार लेना पड़ता था। पीएम किसान सम्मान निधि की राशि समय पर मिलने से मैं कृषि कार्यों के लिए आवश्यक सामग्री समय पर खरीद सका। इससे खेती अच्छी तरह कर पाया और धान का उत्पादन भी बढ़ा। योजना से मेरी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और खेती के प्रति मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। पीएम किसान सम्मान निधि की आर्थिक सहायता ने श्री मोहनलाल धीवर को कृषि निवेश के लिए समय पर धन उपलब्ध कराया। इससे खेती के आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा बाहरी उधारी पर निर्भरता कम करने में सहायता मिली। अब कृषक भविष्य में उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, समयबद्ध कीट-व्याधि नियंत्रण एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय में और वृद्धि करने की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं।
श्री मोहनलाल धीवर की कहानी यह दर्शाती है कि समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए कृषि निवेश में महत्वपूर्ण सहारा बन सकती है। पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से मिली सहायता से उन्हें खेती के लिए आवश्यक सामग्री की व्यवस्था समय पर करने में सुविधा मिली, उधारी पर निर्भरता कम हुई और कृषि कार्यों के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ा। योजना से मिला यह आर्थिक संबल उनके परिवार और खेती के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित हो रहा है।







