Home अंबिकापुर सूने मकान में चोरी के मामले में 4 विधि से संघर्षरत बालकों...

सूने मकान में चोरी के मामले में 4 विधि से संघर्षरत बालकों पर कार्रवाई, 20 हजार का मशरूका बरामद

6
0

ताला तोड़कर सोने के आभूषण, मोबाइल और नगदी की हुई थी चोरी, गांधीनगर पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर की कार्रवाई

संवाददाता विकास अग्रवाल

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 विधि से संघर्षरत बालकों को चिन्हांकित किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 मोबाइल फोन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी सहित करीब 20 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए सभी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।

सूने मकान को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विकास पाण्डेय निवासी चोपड़ापारा, अंबिकापुर ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ग्रेटर नोएडा में कार्यरत हैं, जबकि उनकी सास चोपड़ापारा स्थित मकान में रहती हैं। वर्तमान में मकान में कोई नहीं था और परिवार ग्रेटर नोएडा गया हुआ था।

20 सितंबर 2026 को घर के माली ने मकान का दरवाजा टूटा होने की सूचना दी। इसके बाद प्रार्थी और उनके परिवार ने मौके पर पहुंचकर घर की जांच की। इस दौरान अलमारी के लॉकर से सोने की चेन, सोने की अंगूठी, तीन मोबाइल फोन और 1 लाख रुपये नगद गायब मिले।

घर में लगे CCTV फुटेज की जांच करने पर कुछ लड़कों के मकान में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम देने की जानकारी सामने आई।

CCTV फुटेज के आधार पर चिन्हांकन

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 592/26 के तहत धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए CCTV फुटेज एवं अन्य जानकारी के आधार पर घटना में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों को चिन्हांकित किया।

पूछताछ में उन्होंने घटना के दिन सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 मोबाइल फोन एवं आर्टिफिशियल ज्वेलरी बरामद की, जिसकी कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

अन्य चोरी के सामान की जानकारी नहीं दी

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान विधि से संघर्षरत बालकों ने सोने की चेन एवं अन्य जेवरों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस द्वारा इसे साक्ष्य छिपाने का मामला पाए जाने पर प्रकरण में धारा 238 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

सभी विधि से संघर्षरत बालकों को आवश्यक कार्रवाई के बाद माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम की रही सक्रिय भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मंडल, केवल साहू एवं दिनेश यादव की सक्रिय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here