Home चर्चा में रायपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी और धमकी मामला:...

रायपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी और धमकी मामला: शोएब ढेबर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

19
0
संवाददाता – रघुराज
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक हाई-प्रोफाइल रंगदारी और धमकी के मामले ने सियासी और कारोबारी हलकों में सनसनी फैला दी है। रायपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फोन कर 25 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी गई। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तेलीबांधा थाना पुलिस और साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए चर्चित शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे और पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को मेमन समाज के एक कार्यक्रम से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मिली अहम जानकारियों के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने शोएब ढेबर समेत 4 आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान बीजेपी नेता के भांजे टीनू भारद्वाज को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
सुरक्षा गार्ड के जरिए करवाया गया धमकी भरा कॉल
पुलिस जांच के अनुसार, आनंद कुकरेजा को धमकी देने के लिए एक सुनियोजित साजिश रची गई थी। पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच की मदद से इंटरनेट और व्हाट्सऐप कॉल का डेटा ट्रेस किया, जिससे जांजगीर-चांपा के रहने वाले एक युवक तक पुलिस पहुंची। गिरफ्तार किया गया यह युवक रायपुर के एक वीआईपी रोड स्थित होटल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि सिक्योरिटी गार्ड को करीब 5 हजार रुपये देकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल करते हुए आनंद कुकरेजा को फोन करने के लिए कहा गया था। आरोपी ने कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।
हॉटस्पॉट और वाई-फाई कनेक्शन से रची गई साजिश
कॉल करने वाले की लोकेशन और पहचान छिपाने के लिए इंटरनेट कॉलिंग का सहारा लिया गया था। पुलिस के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम में शोएब ढेबर ने इंटरनेट कॉल करने के लिए अपना मोबाइल हॉटस्पॉट और होटल का वाई-फाई मुहैया कराया था। वीआईपी रोड स्थित होटल में बैठकर शराब पीने के दौरान धमकी भरा फोन किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और इंटरनेट वाई-फाई नेटवर्क के जरिए इस पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
राजनीतिक और कारोबारी गलियारों में हड़कंप
इस मामले में शोएब ढेबर का नाम सामने आने और उसकी गिरफ्तारी के बाद रायपुर के राजनीतिक और व्यापारिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। शोएब ढेबर पूर्व में भी कई विवादों से जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ पुलिस में अलग-अलग मामलों की जांच भी चल रही है।
जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि क्या बिश्नोई गैंग के नाम पर केवल खौफ पैदा करके वसूली का खेल खेला जा रहा था या इसके पीछे किसी बड़े संगठित नेटवर्क का हाथ है।
पूर्व महापौर को मिली धमकी से भी कनेक्शन तलाश रही पुलिस
हाल ही में पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का कॉल आया था, जिसकी एफआईआर कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी। अब पुलिस इस बात की भी गहन पड़ताल कर रही है कि क्या कुकरेजा को मिली धमकी और ढेबर परिवार को मिली 50 करोड़ की धमकी के तार आपस में जुड़े हुए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि शहर में लगभग 6 से 7 प्रमुख हस्तियों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकाए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस टीम सभी मामलों में कड़ियों को जोड़कर पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करने जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here