संवाददाता – नितेश अधिकारी
गीदम। 01अक्टूबर 2026 भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा सेवा एवं जनसरोकार की भावना के साथ गीदम नगर के वार्ड क्रमांक 1, 11 एवं 13 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती रूपा पाणिग्राही एवं श्रीमती प्रमिला सुराना वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती रूपा पाणिग्राही ने कहा कि आंगन मिलन उत्सव केवल उत्सव तक सीमित न रहकर सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी का संकल्प बने, इसी उद्देश्य से कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र परिसर में अत्यधिक घास-पौधे उग जाने के कारण बच्चों के लिए असुविधाजनक स्थिति पाए जाने पर उन्होंने तत्काल सफाई अभियान चलाने का संकल्प लिया।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री रजनीश सुराना से संपर्क कर सफाई व्यवस्था के लिए आग्रह किया गया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सफाई कर्मचारियों को मौके पर भेजा। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं एवं सफाई कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से आंगनबाड़ी केंद्र परिसर की स्वच्छता एवं सफाई का कार्य पूर्ण किया गया।

इसके पश्चात आंगन मिलन उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। लाभार्थी माताओं एवं बहनों ने केंद्र एवं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बच्चों के पोषण आहार एवं उनके स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। साथ ही बच्चों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती रंजीता शर्मा सहित श्रीमती ममता गुप्ता, श्रीमती योगेश्वरी देवांगन, श्रीमती किरण सिंह ठाकुर एवं श्रीमती डिंपी गुप्ता तथा महिला मोर्चा की अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं एवं बच्चों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा छोटी-छोटी स्वच्छता गतिविधियों में स्वयं सहभागी बनने का सामूहिक संकल्प लिया।
सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।







