Home चर्चा में सम्मान की छांव में सजी बुजुर्गों की मुस्कान, अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर...

सम्मान की छांव में सजी बुजुर्गों की मुस्कान, अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर मिला अपनत्व और सम्मान

1
0

-वरिष्ठजनों को शॉल-श्रीफल से किया सम्मानित, 45 वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक का वितरण

बीजापुर, 01 अक्टूबर 2026/ अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए ‘समर्थ-जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र, बीजापुर’ में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य परीक्षण, विधिक एवं साइबर जागरूकता, विभागीय योजनाओं की जानकारी तथा सम्मान समारोह सहित विभिन्न गतिविधियों में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ नागरिकों के पंजीयन, अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू पोटाम, नगर पालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे तथा अपर कलेक्टर एवं उप संचालक समाज कल्याण भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों का आत्मीय सम्मान किया।

अतिथियों ने वरिष्ठजनों से संवाद करते हुए उनके अनुभवों को जाना तथा परिवार और समाज के निर्माण में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान कहा गया कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव, ज्ञान और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए अमूल्य धरोहर है। बुजुर्गों की गरिमा, सुरक्षा और खुशहाली सुनिश्चित करने के साथ उनके प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्वास्थ्य परीक्षण कर दिया चिकित्सकीय परामर्श

स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय दल ने आवश्यक स्वास्थ्य जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया। साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

वरिष्ठजनों को योजनाओं, विधिक अधिकारों और साइबर सुरक्षा की मिली जानकारी

समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण, उनके विधिक अधिकारों तथा उपलब्ध कानूनी सहायता के संबंध में जागरूक किया गया।

जिला कोषालय एवं पुलिस विभाग द्वारा आभार योजना, पेंशन तथा साइबर अपराध से बचाव के संबंध में उपयोगी जानकारी दी गई। वरिष्ठजनों को डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहने, बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए।

45 वरिष्ठ नागरिकों को मिली वॉकिंग स्टिक

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों की दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने के उद्देश्य से 45 वरिष्ठजनों को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। सहायक उपकरण मिलने पर वरिष्ठजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान उन्हें उपलब्ध शासकीय सुविधाओं एवं सहायता योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।

शॉल, श्रीफल और फूलमाला से वरिष्ठजनों का आत्मीय सम्मान

कार्यक्रम के समापन अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को शॉल, श्रीफल एवं फूलमाला भेंट कर सम्मानित किया गया। विभिन्न गतिविधियों में सहभागी वरिष्ठजनों को पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का यह आयोजन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ ही ‘अनुभव का सम्मान और बुजुर्गों के प्रति अपनत्व’ का संदेश देने वाला अवसर बना। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, अधिकार और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए यह संदेश दिया गया कि बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here