Home छत्तीसगढ़ नर्मदोत्सव में वैष्णवी संगीत महाविद्यालय की छात्राओं ने कथक से बटोरी सराहना

नर्मदोत्सव में वैष्णवी संगीत महाविद्यालय की छात्राओं ने कथक से बटोरी सराहना

5
0

तबले की थाप और कथक की भाव-भंगिमाओं से मंत्रमुग्ध हुए कला प्रेमी, राष्ट्रीय स्तर पर छात्राओं ने हासिल किए सम्मान

संवाददाता लक्ष्मीनारायण लहरे

सारंगढ़। मध्यप्रदेश के पंचमढ़ी में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय नर्मदोत्सव के अंतर्गत कथक नृत्य कला महोत्सव 2026 में मां वैष्णवी संगीत महाविद्यालय, सारंगढ़-रायगढ़ की छात्राओं ने भारतीय शास्त्रीय कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं की प्रस्तुति ने तबले की थाप, भाव-भंगिमाओं और लयबद्ध नृत्य से सभागार में उपस्थित संगीत प्रेमियों एवं कला साधकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

राष्ट्रीय नर्मदोत्सव के सांस्कृतिक ऑडिटोरियम में 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय कला महोत्सव में देशभर से कुल 241 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियां दीं।

छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर हासिल किए सम्मान

मां वैष्णवी संगीत महाविद्यालय सारंगढ़-रायगढ़ की छात्राओं ने गुरु एवं प्राचार्य एलडी वैष्णव तथा उप प्राचार्य प्रीति रुद्र वैष्णव के मार्गदर्शन में कथक नृत्य प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

महोत्सव में यामी वैष्णव को ‘नृत्य प्रवाहिनी’ सम्मान तथा अदिति सुल्तानिया को ‘कला प्रतिभा राष्ट्रीय उत्कृष्ट सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

कथक नृत्य प्रतियोगिता में श्रेया सूदन, सोनाली पटेल, हुनर अग्रवाल, सनाया जैस्मीन और आदिश्री शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सौम्यश्री नाथ और अनुश्री शर्मा ने कथक सोलो वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल कर संस्था और क्षेत्र का नाम रोशन किया।

तबले और गायन की संगत ने बढ़ाई प्रस्तुति की गरिमा

कथक नृत्य की प्रस्तुतियों में छात्राओं के साथ पढ़ंत की भूमिका प्रीति वैष्णव ने निभाई। तबला संगत में कला गुरु पंडित सुनील वैष्णव एवं रुद्र वैष्णव ने साथ दिया, जबकि गायन एवं हारमोनियम पर लालाराम लुनिया, रायपुर ने संगत प्रदान की।

राष्ट्रीय नर्मदोत्सव पंचमढ़ी मध्यप्रदेश के आयोजकों द्वारा कथक नृत्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रीति वैष्णव को ‘गुरु श्रेष्ठ सम्मान’ से भी सम्मानित किया गया।

संस्था परिवार ने दी छात्राओं को शुभकामनाएं

मां वैष्णवी संगीत महाविद्यालय, रानी सागर, सारंगढ़ एवं शाखा रायगढ़ के समस्त कला साधकों और उभरते हुए छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि पर संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य एलडी वैष्णव, कला साधकों तथा वरिष्ठ गुरुजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके कला साधना के निरंतर आगे बढ़ने की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here