कोंडागांव संवाददाता – विनीत पिल्लई
पंचवटी से बस स्टैंड तक कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार अभिनंदन, बस्तर के जल-जंगल-जमीन के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का लिया संकल्प
केशकाल। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत अपने प्रभार के बाद बुधवार को पहली बार बस्तर प्रवास पर पहुंचे। केशकाल पहुंचने पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
केशकाल के पंचवटी में पूर्व विधायक संतराम नेताम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत का भव्य स्वागत किया। इसके बाद बस स्टैंड में अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष अमीन विमन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत कर संगठन की एकजुटता का प्रदर्शन किया। स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि बस्तर लंबे समय से जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी बस्तर के आदिवासियों के अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ी है और उनके हक एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष को आगे भी जारी रखेगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले चुनाव में कांग्रेस पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी और सरकार की नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएगी।
स्वागत के दौरान जेबकतरों की सक्रियता, कई कार्यकर्ताओं के पर्स पार
प्रदेश प्रभारी के स्वागत कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ के बीच जेबकतरों के सक्रिय होने की बात भी सामने आई। बताया जा रहा है कि भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात जेबकतरों ने करीब चार से पांच कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पर्स पार कर दिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार पर्स में नकदी सहित अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। चोरी गई कुल रकम 50 हजार रुपये से अधिक होने की जानकारी सामने आई है।







