-आरोपी उपेन्द्र भारती फरार, पुलिस ने घर पर दी दबिश; तलाश जारी
आरंग-
मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम बकतरा में एक महिला द्वारा युवा नेता उपेन्द्र भारती के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट करने तथा उसे और उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर मंदिर हसौद पुलिस ने उपेन्द्र भारती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2), 115(2) एवं 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
महिला के अनुसार, वह अपने पति एवं बच्चों के साथ ग्राम बकतरा में रहती है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसका पड़ोसी उपेन्द्र भारती उसके घर आकर कथित रूप से जबरदस्ती करता था। महिला ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा उसे, उसके बच्चों और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई।

महिला ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि आरोपी उसके घर के सामने रहता है और कथित रूप से रात के समय भी उसके घर आकर उसे परेशान करता था। महिला का कहना है कि पिछले कई महीनों से आरोपी उसे एवं उसके बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता रहा है।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी द्वारा कथित रूप से जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए जाने के कारण उससे बच्चे हुए, लेकिन अब आरोपी उन्हें अपनाने से इनकार कर रहा है। महिला का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण उसका पारिवारिक एवं वैवाहिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने अपनी कथित राजनीतिक पहुंच एवं रसूख का प्रभाव दिखाते हुए उसे लगातार परेशान किया और उसके साथ कथित रूप से जबरदस्ती करता रहा। महिला का कहना है कि लंबे समय से चले आ रहे कथित उत्पीड़न से परेशान होकर उसने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में महिला ने आरोपी पर आदतन अपराधी होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके कथित प्रभाव और दबदबे के कारण गांव के लोग उससे भयभीत रहते हैं। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने अन्य महिलाओं के साथ कथित रूप से किए गए व्यवहार का हवाला देते हुए उसके साथ भी वैसा ही करने की धमकी दी।
महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा स्वयं और अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध, आरोपी की तलाश जारी
महिला की शिकायत पर मंदिर हसौद पुलिस ने उपेन्द्र भारती के खिलाफ BNS की धारा 64(2), 115(2) एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके घर पर भी दबिश दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी पतासाजी की जा रही है। मामले में जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







