आरंग संवाददाता – सोमन साहू
रविवार को शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के प्रथम दिन, क्षेत्र के प्रसिद्ध सत्ती मंदिर, चपरीद में अपार श्रद्धा और भक्तिमय माहौल के बीच विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। सत्ती सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में कुल 110 मनोकामना ज्योति कलश (दीप) विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रज्ज्वलित किए गए।

प्रात:काल से ही घटस्थापना और माता शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सत्ती सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं ग्राम पुरोहित महाराज के सानिध्य में विशेष पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार और महाआरती संपन्न हुई, जिसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन का शुभारंभ किया गया।
एक साथ 110 दीपों के जगमगाने से पूरा मंदिर परिसर माता के जयकारों और शंख-घंटियों की ध्वनि से गुंजायमान हो उठा। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन इस भव्य आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है।
सत्ती सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर में सुरक्षा, दर्शन और महाप्रसाद वितरण की व्यापक व्यवस्था समिति द्वारा की गई है। अनुष्ठान के उपरांत उपस्थित सभी भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया एवं क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई।







