हिमाचल कुमार/बिरझापुर। साजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिरझापुर में दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इन कार्यों के तहत बिरझापुर से परसबोड़ तक 6 किलोमीटर तथा रहटादाह से मोतिनपुर तक 2.30 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत ₹1,020.70 लाख (लगभग ₹10.21 करोड़) निर्धारित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिरझापुर से परसबोड़ तक 6 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पर ₹721.93 लाख तथा रहटादाह से मोतिनपुर तक 2.30 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पर ₹298.77 लाख खर्च किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद माननीय श्री विजय बघेल उपस्थित रहे। इस अवसर पर साजा विधायक श्री ईश्वर साहू तथा छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त माननीय श्री जितेंद्र कुमार साहू भी शामिल हुए।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सड़क निर्माण कार्यों से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।
इन दोनों सड़क परियोजनाओं को क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







