संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
बलौदा, 22 अक्टूबर 2026। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बलौदा के नेतृत्व में राष्ट्रव्यापी “वोट बचाओ–देश बचाओ” जनआंदोलन के द्वितीय चरण के तहत तहसील बलौदा में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने एवं उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। इसके पश्चात बलौदा के गांधी चौक के पास मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
ज्ञापन में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची से नाम हटाए जाने तथा नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया पर आपत्तियां दर्ज कराई गईं। कांग्रेसजनों ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला हैं। मतदाता सूची में पारदर्शिता और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान चलाकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आवाज उठाई जा रही है।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सदन लाल यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कविता प्रवीण डहरिया, पूर्व जनपद अध्यक्ष कन्हैया राठौर, जिला ध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस शशी जगत ललिता पाटले पूर्व अध्यक्ष न ,प ,सरपंच नवल सिंह, संजय देवांगन पार्षद भोला सिंह, पार्षद , दिलहरण दिवाकर मनोज कश्यप ब्लाक अध्यक्ष किसान कांग्रेस भागवत यादव, दिनेश मीरी, आरिफ कुरैशी, मनोज नारंग, सचिन रात्रे, केशव पाटले, मनोज यादव एवं लक्ष्मी भारद्वाज सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।







