संवाददाता – विमल सोनी
बिलासपुर, छत्तीसगढ़: विजयदशमी के पावन पर्व के अवसर पर बिलासपुर बस स्टैंड परिसर में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी वर्ग एवं यात्रियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
परंपरा के अनुसार शाम होते ही बस स्टैंड मैदान में 30 फीट ऊँचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण के जलते ही पूरा परिसर “जय श्री राम” के जयकारों से गूंज उठा। आतिशबाजी के बीच लोगों ने एक-दूसरे को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक अमर अग्रवाल महापौर पूजा बिधानी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अर्जुन तिवारी व छत्तीसगढ़ आयोग के पूर्व सदस्य श्री रविंद्र सिंह ठाकुर महेंद्र गंगोत्री आदि मौजूद रहे। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि विजयदशमी हमें सिखाती है कि अहंकार, अन्याय और बुराई चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो, अंत में सत्य और धर्म की ही जीत होती है। उन्होंने सभी को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और युवाओं से नशा व बुराइयों से दूर रहकर समाज निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।
आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि बिलासपुर बस स्टैंड में पिछले कई वर्षों से लगातार रावण दहन की परंपरा चली आ रही है। इस अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर बस स्टैंड व्यापारी संघ के पदाधिकारी, स्थानीय पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।







