संवाददाता – लक्ष्मी नारायण लहरे
रायपुर l एक नई सोच के साथ सकारात्मक खबरों के मिशन को लेकर चल रहे अखबार दैनिक दबंग स्वर के 6 वें स्थापना दिवस पर राजधानी रायपुर में एक गरिमायुक्त और विविधता से परिपूर्ण भव्य आयोजन 25 अक्टूबर को वृन्दावन सभागृह में किया जा रहा है l स्वस्थ पत्रकारिता के मिशन को नया आयाम देते हुए रायपुर, दुर्ग, जगदलपुर और कोरिया से पंडित पी के तिवारी के प्रधान संपादकत्व में प्रकाशित हो रहे दबंग स्वर की वर्षगांठ पर प्रदेश भर की 100 विभूतियों का सम्मान किया जायेगा l वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने जानकारी दी है कि इस अवसर पर सम्मानित हो रही विभूतियां अपनी प्रस्तुतियां भी देंगी lवक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू ने बताया है कि अवॉर्ड हेतु प्रदेश भर से 500 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई थी l संस्था द्वारा गठित निर्णायक मंडल द्वारा उनमें से 100 नामों को चयनित करने की अनुशंसा की गई थी l सम्मानित हो रही विभूतियां रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, छत्तीसगढ़ी भाषा के उत्थान सहित खेल, योग, कला, प्रशासन, साहित्य, संस्कृति, लोक कला, अध्ययन, अभिनय, एंकरिंग, समाज सेवा, चिकित्सा , अनुसंधान, पत्रकारिता जैसे बहु आयामी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों को जारी रखे हुए है l समारोह हेतु व्यापक तैयारियां की जा रही है और प्रतिभागियों में इस आयोजन हेतु उत्साह का माहौल है l टीम वक्ता मंच द्वारा समस्त प्रतिभागियों से निर्धारित समय 3 बजे तक आयोजन स्थल मे पहुंचने का अनुरोध किया गया है l यह अवॉर्ड पूर्णतः निःशुल्क है और पंजीयन या किसी भी मद में कोई फीस नहीं ली जा रही है l दैनिक दबंग स्वर के प्रधान संपादक पंडित पी के तिवारी ने कहा है कि उनके समाचार पत्र के माध्यम से प्रदेश भर की सामाजिक, साहित्यिक व सांस्कृतिक प्रतिभाओं को महत्वपूर्ण कवरेज प्राप्त होता रहता है l अब इस समारोह के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र की प्रतिभा को मंच प्रदान किया जा रहा है और यह क्रम जारी रहेगा l







