अशोक मनहर/सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सरसींवा पुलिस ने अवैध रूप से महुआ शराब की बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 2 हजार रुपये बताई गई है।
घर की बाड़ी में छिपाकर रखी थी शराब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को सरसींवा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गिरसा निवासी ईश्वर बघेल अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से बिक्री करने के लिए भारी मात्रा में महुआ शराब रखे हुए है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों एवं हमराह स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के कब्जे से एक सफेद रंग की बोरी के अंदर रखी दो पारदर्शी पॉलिथीन में भरी करीब 5-5 लीटर, कुल 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2,000 रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं आबकारी के मामले
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईश्वर बघेल पिता स्वर्गीय श्रीराम बघेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम गिरसा, थाना सरसींवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं।
- अपराध क्रमांक 385/2025 – धारा 34(2) आबकारी एक्ट।
- अपराध क्रमांक 386/2023 – धारा 36(सी) आबकारी एक्ट।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रीमती दीपिका मिंज के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सरसींवा के निर्देशन में की गई।
अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







